पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 के लिए प्रथम चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित

ऊना, 13 मई। पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से आज(बुधवार) को राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में प्रथम चरण का चुनावी पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी अभिषेक मित्तल ने की। प्रथम चरण के इस चुनावी पूर्वाभ्यास में कुल 668 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनमें 178 पीठासीन अधिकारी तथा 490 मतदान अधिकारी शामिल रहे।

इस दौरान चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न चरणों की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। एसडीएम ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा निर्वाचन प्रक्रिया में तैनात प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण एवं रिहर्सल के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से ग्रहण करें तथा अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सजगता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें।

उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया प्रातः 7 बजे से सायं 3 बजे तक संपन्न करवाई जाएगी। पूर्वाभ्यास के दौरान मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं, निर्वाचन सामग्री के प्रबंधन, मतदान की विधि तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

एसडीएम ने बताया कि दूसरे चरण की चुनावी रिहर्सल 18 मई तथा तीसरे चरण का पूर्वाभ्यास 24 मई को राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर बीडीओ रमनवीर चौहान, बाल विकास अधिकारी शिव सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर विकास सैणी, दीपक जोशी सहित मतदान प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading