ग्रामीण विकास मंत्री ने दुधली में 5.68 करोड़ की 4 परियोजनाओं के किए शिलान्यास

2.52 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होगी बेशक से टूड गांव की सड़क – अनिरुद्ध सिंह

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आज कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दुधली में 5.68 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली दो सड़कों एवं दो पंचायत सामुदायिक भवनों का शिलान्यास किया।

इस अवसर पर उन्होंने श्री पधाई माता को नमन करते हुए कहा कि कहा कि दुधली का क्षेत्र शिमला के उपनगर भराड़ी के साथ सटा हुआ क्षेत्र है इसलिए इस क्षेत्र के लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से 2.52 करोड़ रुपए की लागत से बेशक से टूड गांव के लिए सड़क निर्मित की जाएगी। इसके अतिरिक्त 87 लाख रुपए की राशि भराड़ी-रगयान सड़क से कनैना सड़क के निर्माण पर खर्च की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दोनों सड़कों के टेंडर शीघ्र जारी कर निर्माण प्रक्रिया आरम्भ करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पंचायत सामुदायिक भवन दुधली एवं पंचायत सामुदायिक भवन टूड का भी शिलान्यास किया गया है जिन पर प्रति सामुदायिक भवन 1.14 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन पंचायत सामुदायिक भवनों का इस्तेमाल ग्राम सभाओं तथा पंचायत से संबंधित अन्य कार्यों के अतिरिक्त शादी व अन्य बड़े समारोह के लिए भी किया जा सकेगा।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सभी 38 पंचायतों के अतिरिक्त 12 अन्य शहरी निकायों में भी समान विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 3 सालों के दौरान कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए लगभग 200 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि अब तक लोगों की मांग पर विधानसभा क्षेत्र की छोटी-बड़ी लगभग 325 सड़कों में से 150 सड़कों के एफआरए मामलों सहित सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई है। इसके अलावा छोटी-छोटी लगभग 100 सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण कर लोकार्पण कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऑकलैंड टनल से कामयाना तक सड़क को चौड़ा व पक्का कर दिया गया है जबकि कमयाना से आगे डुम्मी-शीडा होते हुए इस सड़क को कडेची सड़क से जोड़ने के लिए निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि गांव की सभी सड़कों को मुख्य सड़कों से जोड़ते हुए एक-दूसरे के साथ मिलाया जाए ताकि लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि महिला मंडलों को प्रोत्साहित करने के लिए 60 फूड वैन उपलब्ध कराई गई है ताकि वह अपने प्राकृतिक उत्पाद व स्वादिष्ट व्यंजन फूड वैन के माध्यम से लोगों तक पहुंचा सके। उन्होंने इलाका की महिला मंडलों से भी आग्रह किया कि यदि कोई महिला मंडल प्राकृतिक व्यंजनों का व्यवसाय शुरू करना चाहती है तो वह फूड वैन के लिए आवेदन कर सकती है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कमयाना हिल टॉप पर लगभग 7 करोड रुपए की राशि खर्च कर एक भव्य पार्क बनाया जा रहा है जिसका कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है जिसके तहत कॉटेज और टैंट की व्यवस्था सहित सभी प्रकार की सुविधा दी जाएगी ताकि पर्यटको की आवाजाही में बढ़ोतरी हो सके।

उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में अब तक 40 से 50 बिजली के ट्रांसफार्मर नए लगाए गए हैं या अपग्रेड किए गए हैं ताकि कम वोल्टेज की समस्या को खत्म किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह बिजली ट्रांसफार्मर को एक निश्चित ऊंचाई में लगाना सुनिश्चित करें ताकि करंट इत्यादि से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों के दौरान सड़कों के अतिरिक्त स्थानीय पंचायत के विकास के लिए 85 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।

***डुम्मी पंचायत में बन रहा प्लास्टिक मैनेजमेंट सेंटर

उन्होंने कहा कि डुम्मी पंचायत में प्लास्टिक मैनेजमेंट सेंटर बनाने का निर्णय लिया गया है जिसकी टेंडर प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर शहर के नजदीक यह देखा गया है की लोग अपने घरों का कूड़ा साथ के क्षेत्र में या वनों के बीच में फेंक देते हैं जिससे आने-जाने वालों को दुर्गंध तो महसूस होती ही है साथ ही, पर्यावरण भी दूषित होता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वह कूड़े को कूड़ादान में ही डालें ताकि पर्यावरण दूषित न हो।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश की हर पंचायत को ई-रिक्शा उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है जो पहाड़ी क्षेत्रों में भी उतराई-चढ़ाई सफलतापूर्वक पार कर सकेगी ।

उन्होंने कहा कि हम सब मिलजुल कार्य कर कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करने का प्रयास करेंगे ।

इस अवसर पर डीएफओ शिमला अनिकेत, बीडीओ मशोबरा अंकित कोटिया, अधीक्षण अभियंता ग्रामीण विकास राजेश चंदेल, बीएमओ डॉक्टर संजय रनौत, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी नवीन कौडल, पीसीसी महासचिव सत्यजीत नेगी, कार्यकारी अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कसुम्पटी रामकिशन शांडिल, महासचिव किसान मोर्चा कांग्रेस रणधीर वर्मा, निगम पार्षद नरेंद्र ठाकुर, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष विक्रम ठाकुर एवम् ऋषि राठौर, नायब तहसीलदार शिमला ग्रामीण चांदराम, समस्त पूर्व पंचायत प्रधान एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी महिला मंडल एवं युवक मंडल सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे ।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading