एसआईआर के तहत पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ हो मतदाता सूची का पुनरीक्षण – डॉ. सुखबीर सिंह संधू

चुनाव आयुक्त ने शोघी में मतदान केंद्र का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने मंगलवार को शिमला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शोघी में मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चुनावी व्यवस्थाओं, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान चुनाव आयुक्त ने अधिकारियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ किया जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे।

चुनाव आयुक्त ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण लोकतंत्र को मजबूत करने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें सभी राजनीतिक दलों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जाए। इसके साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर जाकर सत्यापन करने और मतदाताओं को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने मतदान केंद्रों में पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इस मौके पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा, तहसीलदार चुनाव राजेश कौंडल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading