जोगिंदर नगर,
राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज एसडीएम कार्यालय जोगिंदर नगर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रातः ठीक 11 बजे महात्मा गाँधी तथा समस्त स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।

मौन धारण कर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के त्याग, अहिंसा, सत्य और देश के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यालय के सभी कार्य दो मिनट के लिए स्थगित रखे गए, ताकि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सहभागी बन सकें।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने महात्मा गाँधी के विचारों को आज के समय में भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि गाँधी जी के सिद्धांत हमें सत्य, अहिंसा, सद्भाव और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाते हैं।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से गाँधी जी के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एसडीएम कार्यालय जोगिंदर नगर के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर राष्ट्रपिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।