कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज ज्वाली स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय एवं समावेशी विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा ओबीसी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने कर्नाटक में आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लिया, जिसमें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि सामाजिक संतुलन और समावेशी नीति निर्माण के लिए वर्तमान जनसंख्या संरचना की सटीक जानकारी आवश्यक है,ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र वर्गों तक सुनिश्चित किया जा सके।

प्रो. चन्द्र कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा सुखाश्रय योजना,सुख शिक्षा योजना,यशवंत
सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना,स्वर्ण जयंती आश्रय योजना,अंतर्जातीय विवाह पुरस्कार योजना,कंप्यूटर एप्लिकेशन एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रम छात्रवृत्ति योजना,राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना,अनुवर्ती कार्यक्रम, दिव्यांग छात्रवृत्ति, दिव्यांग विवाह अनुदान योजना,शगुन योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि सभी वर्गों को उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति के अनुसार योजनाओं का लाभ मिले और विकास की मुख्यधारा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे। उन्होंने ओबीसी ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति इनका लाभ उठा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 25 जुलाई को दिल्ली स्थित तालकटोरा गार्डन में अखिल भारतीय ओबीसी संगठन द्वारा एक महाअधिवेशन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सामाजिक न्याय व अधिकारों के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने ओबीसी वर्ग से जुड़े सभी लोगों से इसमें सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कार्यकारी एसडीम विकास जमवाल,तहसीलदार ज्वाली विकास टंडन,प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी कंठ चौधरी,मुख्य संरक्षक आरसी कौंडल,जनरल सेक्रेटरी डॉ गुलशन, ओबीसी ब्लॉक अध्यक्ष मनोहर लाल,ओबीसी ब्लॉक उपाध्यक्ष अश्विनी चौधरी,पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि व महिला मंडलों के सदस्य मौजूद रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.