किरण राही/मण्डी ।
पिछले दो महीने से रसोई गैस की आपूर्ति न होने के चलते जनता को आ रही भारी समस्या के चलते भराड़ू वार्ड के निवर्तमान जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व में आज सैंकड़ों लोगों ने भराड़ू में जोरदार प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि कुशाल भारद्वाज ने 4 दिन पहले ही सरकार व प्रशासन को चेतावनी दे दी थी कि यदि कस, भराड़ू, बिहूँ, नौहली पंचायतों में शुक्रवार 17 अप्रैल तक रसोई गैस की आपूर्ति नहीं की गई तो 18 अप्रैल को वे सेट जनता को इकट्ठा कर विशाल जनप्रदर्शन करेंगे।
उनके द्वारा दी गई डेडलाइन तक आपूर्ति न होने के चलते आज सैंकड़ों लोगों ने चिंतपूर्णी माता मंदिर से छाँब लिंक तक विशाल प्रदर्शन किया तथा बस स्टॉप के पास जनसभा भी की। निवर्तमान जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज के आह्वान पर जनता के इस एकजुट संघर्ष के दवाब में प्रशासन को आज ही इस क्षेत्र में रसोई गैस की बड़ी गाड़ी भेजनी पड़ी, जिससे मुसीबत झेल रही जनता के चेहरों में कुछ मुस्कान आई। हालांकि गैस पहुंचने के बाद भी बड़ी देर तक ओटीपी नहीं आने से परेशानी भी झेलनी पड़ी।
कुशाल भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार की विफलता के चलते पूरे देश में रसोई गैस की किल्लत चल रही है और कई जगह कुछ लोग गैस को ब्लैक में भी बेच रहे हैं। जोगिंदर नगर में भी बीच बीच में गैस तो आ रही है, लेकिन भाई भतीजावाद और क्षेत्रवाद के चलते मसौली से लेकर नौहली तक की पंचायतों में 2 महीने में एक बार भी गैस नहीं आई। जनता को इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए ही हमें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। जिस दिन हमने आज के प्रदर्शन का आह्वान किया था उस दिन से ही प्रशासन के हाथ पांव फूलने शुरू हो गए थे। हालांकि खुशी की बात है कि हमारे एकजुट संघर्ष के बाद आज दो महीने बाद इस इलाके में गैस की गाड़ियां भेजनी ही पड़ीं। उन्होंने सभी चार पंचायतों के लोगों को आज के इस एकजुट जनप्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए धन्यवाद भी किया।
आज के प्रदर्शन में कैप्टन भगत धरवाल, कश्मीर सिंह लगवाल, नागेश धरवाल, गोपाल सिंह ठाकुर, मोहन सिंह सरवाल, सोहन सिंह राणा, पूर्व प्रधान रीता ठाकुर, पूर्व प्रधान यशपाल, प्रकाश चंद, गोपाल बिष्ट, ज्ञान चंद, लता ठाकुर, शशी बाला, सोनिया, रीना देवी, राहुल, नरेंद्र सिंह, देवी सिंह, नीना शर्मा, धर्म सिंह, विजय मोहन भंडारी, अनिल कुमार, मोनिका ठाकुर, रमेश चंद सहित बड़ी संख्या में किसानों, दुकानदारों व गृहणियों ने हिस्सा लिया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.