नगर परिषद सुंदरनगर में मतदान कर्मियों की पहली चुनावी रिहर्सल सम्पन्न

सुंदरनगर, 28 अप्रैल 2026।

आगामी 17 मई को होने वाले शहरी निकाय चुनाव-2026 के दृष्टिगत नगर परिषद सुंदरनगर क्षेत्र के मतदान कर्मियों की पहली चुनावी रिहर्सल सफलतापूर्वक आयोजित की गई। यह रिहर्सल मंगलवार को बहुतकनीकी संस्थान सुंदरनगर के सभागार में सम्पन्न हुई, जिसमें सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित 137 मतदान कर्मियों तथा 6 सेक्टर अधिकारियों ने भाग लिया।

रिहर्सल के दौरान सभी मतदान कर्मियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मॉक पोल, ईवीएम संचालन, पोलिंग बूथ की स्थापना, चुनाव सामग्री, विभिन्न प्रपत्रों, सुरक्षा व्यवस्था तथा ईवीएम के सुरक्षित परिवहन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इसके साथ ही मतदान कर्मियों को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान करने हेतु आवश्यक प्रपत्र भी वितरित किए गए।

निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने मतदान कर्मियों को स्पष्ट किया कि ईवीएम के परिवहन के लिए केवल सरकारी वाहनों का ही उपयोग किया जाएगा तथा इसके साथ पुलिस सुरक्षा अनिवार्य होगी। निजी वाहनों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा मतदान केंद्र में मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी तथा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित रहेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि मतदान केंद्रों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर रैंप की व्यवस्था होगी तथा उनकी सहायता के लिए हेल्पर तैनात रहेंगे। दिव्यांग मतदाता आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र भर कर मतदान के समय अपने सहायक को साथ ले जा सकेंगे।

एसडीएम ने सभी कर्मियों से आह्वान किया कि वे चुनाव आयोग की हैंडबुक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ सुनिश्चित करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading