बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत किशोरियों के लिए एक्सपोज़र विजिट आयोजित

डाकघर, बैंक और पुलिस की कार्यप्रणाली से हुईं रूबरू

धर्मपुर(मंडी), 12 जून। महिला एवं बाल विकास विभाग धर्मपुर द्वारा वीरवार कप बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संधोल की 42 किशोरियों के लिए एक दिवसीय एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को विभिन्न सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली, वित्तीय साक्षरता, महिला सुरक्षा तथा जनहितकारी सेवाओं की व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था।

बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर धनी राम ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास विकसित करना तथा उन्हें समाज में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं और अवसरों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना केवल बालिकाओं की शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देती है।

एक्सपोज़र विजिट के दौरान किशोरियों ने डाकघर संधोल का भ्रमण किया। इस अवसर पर रमेश कुमार ने डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं, वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों तथा डाक सेवाओं के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इसके बाद हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक, संधोल में आयोजित जागरूकता सत्र में शाखा प्रबंधक रोहित सिंह ने बैंकिंग प्रणाली, डिजिटल बैंकिंग, वित्तीय साक्षरता, बचत की आदत, साइबर सुरक्षा तथा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों को वित्तीय रूप से सशक्त बनने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

भ्रमण के अगले चरण में पुलिस थाना संधोल में उप-निरीक्षक संजीव जम्वाल ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, कानूनी अधिकारों, नशा उन्मूलन तथा आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने किशोरियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यवेक्षक पूर्ण चंद तथा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading