19वीं जिला स्तरीय आईटीआई खेल-कूद एवं एथलेटिक प्रतियोगिता शुरू

सुंदरनगर, 05 मई 2026।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (पीडब्ल्युडी), सुंदरनगर में 19वीं जिला स्तरीय आईटीआई खेल-कूद एवं एथलेटिक प्रतियोगिता (पुरुष वर्ग) 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिला मंडी के विभिन्न सरकारी एवं निजी आईटीआई से आए प्रशिक्षणार्थियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उद्घाटन समारोह में उप-निदेशक, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण सुंदरनगर रविंदर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं।

प्रतियोगिता में जिला मंडी की लगभग 24 टीमों के 548 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी खो-खो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स एवं वुशु सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

आयोजन सचिव (खेल) एवं प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई सुंदरनगर विजय कुमार ने “स्ट्राँग युथ, स्कील्ड नेशन, ड्रग फ्री जेनेरेशन” का संदेश देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहकर कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पर्यवेक्षक के रूप में राजकीय आईटीआई बल्ह से आदित्य रैना, राजकीय आईटीआई मंडी से अजेश कुमार, राजकीय आईटीआई देहर से मुनीश कुमार तथा राजकीय आईटीआई निहरी से विजय उपाध्याय उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में समूह अनुदेशक सीता आज़ाद ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद किया। आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading