कुल्लू, 21 अप्रैल – ईको टूरिज्म सोसाइटी कुल्लू तथा नेचर कंजरवेशन सोसाइटी की गवर्निंग बॉडी की 17वीं बैठक अरण्यपाल संदीप शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा गवर्निंग बॉडी की बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में जिला कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के वार्षिक कार्य योजना को अनुमोदन प्रदान किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विकासात्मक एवं इको टूरिज्म से जुड़े महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तृत चर्चा की गई और कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में मोहल स्थित वाटर पोंड/लेक के संचालन काइसधार व जाना के फॉरेस्ट रेस्ट हाउसों के सुदृढ़ीकरण के लिये किचन, हाउसकीपिंग और डाइनिंग हॉल सेवाओं, सहित सोलंग नाला स्थित गैंग हट में किचन, हाउसकीपिंग और डाइनिंग हॉल सेवाओं को आउटसोर्स करने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त मनाली क्षेत्र में डंपिंग साइट के पास एडवेंचर गतिविधियों को बढ़ावा देने, सोलंग नाला से अंजनी महादेव तक एटीवी (ATV) ट्रैक संचालन, मनाली के होटल चंद्रताल क्षेत्र में कैंपिंग साइट विकसित करने तथा जरड़ विहाल वन विहार राफ्टिंग गतिविधियों के लिए यूजर चार्ज निर्धारित करने पर भी सहमति बनी।
बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि इको टूरिज्म गतिविधियों के संचालन में स्थानीय युवक मंडलों और महिला मंडलों को पहली प्राथमिकता दी जाए। दूसरे स्थान पर ऑनलाइन माध्यम से निजी पार्टियों और इसके बाद निकटवर्ती होटलों को भी पारदर्शी प्रक्रिया के तहत जोड़ा जाएगा। गवर्निंग बॉडी ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सभी गतिविधियां प्रकृति के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए संचालित की जाएं, ताकि पर्यावरण को बिना क्षति पहुंचाए स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर सृजित किए जा सकें। इसके तहत ‘सेल्फ आइडेंटिफिकेशन साइट’ के रूप में स्थानीय युवाओं एवं महिला मंडलों को प्राथमिकता देने पर सहमति जताई गई, जिससे क्षेत्रीय भागीदारी और स्वामित्व की भावना को बढ़ावा मिलेगा।
उपायुक्त ने बैठक में माउंटेन ट्रेल डेवलपमेंट प्लान तैयार करने के सुझाव दिए, ताकि जिले के विभिन्न ट्रैकिंग रूट्स को व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से विकसित किया जा सके। इसमें ट्रेल्स की पहचान, बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर, साइनज, सुरक्षा उपायों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही ।
अध्यक्ष ने कहा कि ईको टूरिज्म के माध्यम से न केवल प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, बल्कि स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाते हुए सतत विकास की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे। बैठक में सभी सदस्यों ने प्रस्तावित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने पर बल दिया।
बैठक में हेड साइंटिस्ट जी बी पंत नेशनल इंस्टीट्यूट राकेश कुमार सिंह, डीएफओ सिराज मनोज, डीएफओ लाहौल इंद्रजीत , डीएफओ कुल्लू एंजेल चौहान, डीएफओ हैडक्वाटर शशि किरण, जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा, बीडीओ लक्ष्मण चंद शर्मा, रोशन ठाकुर, पूर्व प्रधान मोहर सिंह, एसीएफ लाहौल अनु ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी दयाराम ठाकुर, जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी, की किशोर कुमार, एसीएफ कुल्लू वनिश ठाकुर मौजूद रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.