नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित

रिकांग पीओ, 24 अप्रैल — नशा मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज उपायुक्त कार्यालय रिकांग पीओ में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की।

उपायुक्त ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जिससे निपटने के लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने, स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नियमित कार्यक्रम आयोजित करने तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि आज के समय में “चिट्टा” जैसे नशीले पदार्थ समाज में जहर की तरह फैल रहे हैं, जिन्हें रोकना अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जन-जागरूकता अभियान, नशा विरोधी रैलियां, कार्यशालाएं, सेमिनार, विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर जागरूकता गतिविधियां, काउंसलिंग सेवाएं तथा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों के माध्यम से उपचार जैसी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान को जमीनी स्तर तक सशक्त रूप से लागू किया जाए। उन्होंने बताया कि किन्नौर के विभिन्न मंदिर समितियों एवं युवक मंडलों को पत्र लिखकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया जाएगा। साथ ही, नशा विरोधी संदेशों से युक्त होर्डिंग्स लगाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अधिक से अधिक खेल गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखा जा सके। उन्होंने सभी विभागों से युवाओं में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा और यह भी उल्लेख किया कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।

बैठक में पुलिस उप अधीक्षक राज कुमार, जिला पंचायत अधिकारी संजय कुमार, जिला कल्याण अधिकारी नितिन राणा, प्रधानाचार्य डाइट कुलदीप नेगी, सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान ऋषभ कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading