तकनीकी शिक्षा मंत्री ने हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में 10 किलोवाट क्षमता के सोलर इंक्यूबेशन केंद्र का लोकार्पण, मेडिकल कैंप का भी शुभारंभ किया
बंदला (बिलासपुर), 19 अप्रैल: नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज के.के. फाउंडेशन के माध्यम से राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में स्थापित 10 किलोवाट क्षमता के सोलर इंक्यूबेशन केंद्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने के.के. फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक मेडिकल कैंप का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार ने की। इस मौके पर के.के. फाउंडेशन के चेयरमैन के.के. कश्यप भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उन्होंने राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में 10 किलोवाट क्षमता का सोलर इंक्यूबेशन केंद्र स्थापित करने के लिए के.के. फाउंडेशन के अध्यक्ष के.के. कश्यप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार एक अन्य सोलर इंक्यूबेशन केंद्र राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान कलोल में भी स्थापित किया जा रहा है, जिसे शीघ्र ही समर्पित किया जाएगा।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विद्यार्थी जीवन सबसे उपयुक्त समय होता है। अनुशासन में रहकर पूर्ण समर्पण के साथ की गई कड़ी मेहनत ही सफलता की नींव रखती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने बेहतर भविष्य के लिए वर्तमान समय का सदुपयोग करें। कॉलेज की पढ़ाई पूर्ण करने के पश्चात उन्हें समाज की विभिन्न चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, जिसके लिए उन्हें स्वयं को तैयार रखना होगा।
उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत के बावजूद यदि सफलता प्राप्त नहीं होती है तो नया लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए। जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनेक विकल्प उपलब्ध हैं, जिनका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों से निपटने के लिए तीन मंत्र दिए— पहला, उन परिस्थितियों में कार्य करें जिन्हें वे नियंत्रित कर सकते हैं; दूसरा, उन स्थितियों में आगे बढ़ें जिन्हें वे प्रभावित कर सकते हैं; तथा तीसरा, उन परिस्थितियों के लिए भी स्वयं को तैयार रखें जिन्हें वे न तो नियंत्रित कर सकते हैं और न ही प्रभावित। उन्होंने कहा कि दूसरों की परवाह किए बिना स्वयं को इतना सक्षम बनाएं कि कोई भी उन्हें आगे बढ़ने से रोक न सके। अभिभावकों, परिवार और समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को ग्रीन एनर्जी राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए कार्यरत है। जो विद्यार्थी पढ़ाई पूर्ण करने के बाद सोलर पावर प्रोजेक्ट स्थापित कर स्वरोजगार अपनाना चाहते हैं, उनके लिए सरकार 2 मेगावाट तक के प्रोजेक्ट पर 40 प्रतिशत तक प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है। साथ ही ऋण सब्सिडी उपलब्ध करवाई जा रही है तथा सरकार बिजली की खरीद भी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी फैसिलिटेटर तथा कंसल्टेंट के रूप में भी कार्य कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में हाइड्रो पावर के क्षेत्र में भी अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कॉलेज प्रशासन को एलुमनाई नेटवर्क तथा ऑनलाइन मेंटरशिप पर भी कार्य करने का सुझाव दिया, जिससे भविष्य में विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार को यूथ आइकॉन के रूप में नामित किया है, जो आने वाले समय में युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने बताया कि कारगिल युद्ध में लगभग 550 सैनिक शहीद हुए थे तथा दो सैनिकों को परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया, जिनमें कैप्टन संजय कुमार भी शामिल हैं।
उन्होंने कॉलेज के विभिन्न विकास कार्यों के लिए भविष्य में पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।
इस दौरान उन्होंने कॉलेज की विभिन्न प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया तथा आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों हर्ष शर्मा एवं काव्यांश द्वारा तैयार सोलर पायरोसिस मॉडल का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की।
इससे पूर्व कॉलेज के प्राचार्य प्रो. उमेश राठौर ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से कॉलेज की विस्तृत जानकारी दी तथा मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार, हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल, जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष तृप्ता, पूर्व जिला पार्षद गौरव शर्मा, राजेंद्र ठाकुर, जिला कोऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन रणजीत कश्यप, पूर्व प्रधान निर्मला राजपूत, निदेशक तकनीकी शिक्षा दिनेश कुमार, कॉलेज प्राचार्य प्रो. उमेश राठौर, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कॉलेज के प्राध्यापक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.