जोगिंदर नगर, 8 मई।
उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने आज चौंतड़ा तथा जोगिंदर नगर में स्थापित ईवीएम स्ट्रांग रूम एवं काउंटिंग हॉल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाले नगर परिषद जोगिंदर नगर तथा पंचायतीराज के अंतर्गत ब्लॉक चौंतड़ा चुनावों की मतगणना को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
दौरे के दौरान उपायुक्त ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-नियंत्रण प्रणाली, बैरिकेडिंग तथा मतगणना हॉल में टेबल व्यवस्था व अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना के दिन सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी तथा बीडीओ चौंतड़ा अनुभव तनवर भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है और इसकी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाना सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.