नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के दृष्टिगत डीसी ने स्वारघाट में किया विभिन्न स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

बिलासपुर, 08 मई: जिला बिलासपुर में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के दृष्टिगत उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने आज श्री नैना देवी जी उपमंडल के अंतर्गत स्वारघाट क्षेत्र में स्थापित विभिन्न स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं अन्य सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम, बीडीओ कार्यालय में स्थापित स्ट्रांग रूम, बीडीसी तथा जिला परिषद चुनावों से संबंधित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने इन सभी स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, प्रवेश नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने में स्थापित विभिन्न स्ट्रांग रूम की सुरक्षा महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को चुनावों से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिये। साथ ही कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढ़ील को गंभीरता से लिया जाएगा।

राहुल कुमार ने कहा कि 17 मई को श्री नैना देवी जी नगर परिषद के चुनाव निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त 26, 28 तथा 30 मई को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव भी होने हैं जिसको लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न करवाया जा सके।

उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सभी स्ट्रांग रूम की नियमित निगरानी सुनिश्चित बनाने तथा सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष फोकस करने पर भी जोर दिया। इस बीच उन्होंने संबंधित अधिकारियों से सुरक्षा ड्यूटी, निगरानी व्यवस्था एवं रिकॉर्ड संधारण की जानकारी भी प्राप्त की।

इस अवसर पर एसडीएम श्री नैना देवी जी धर्मपाल, सहित उपमंडल के तहसीलदार, खंड विकास अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित मौजूद रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading