मंडी, 14 मई।
नगर निगम मंडी चुनाव के दृष्टिगत रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सदर रुपिन्दर कौर की अध्यक्षता में आज राजकीय बल्लभ महाविद्यालय मंडी के सभागार में तीसरे एवं अंतिम चरण का चुनाव पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव संबंधी सभी कार्य हैंडबुक में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार ही संपन्न किए जाने चाहिए, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।
रुपिन्दर कौर ने बताया कि नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर 1 से 13 तक कुल 34 पोलिंग बूथों में 17 मई को मतदान होगा। इसके लिए रिजर्व पार्टियों सहित कुल 45 मतदान पार्टियों के 180 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूर्वाभ्यास में भाग लिया। इनमें 45 पीठासीन अधिकारी, 45 सहायक पीठासीन अधिकारी तथा 90 मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
राजकीय बल्लभ महाविद्यालय मंडी में आयोजित अंतिम चुनावी रिहर्सल के दौरान मुख्य ट्रेनर विजय शर्मा एवं डॉ. कर्म सिंह ने सेक्टर अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों तथा अन्य मतदान कर्मियों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण में ईवीएम संचालन, वीडीएमएस एप्लिकेशन (वोटर डे मैनेजमेंट सिस्टम), मॉक पोल, मतदाता पहचान, मतदान प्रक्रिया तथा मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं सहित विभिन्न चुनावी प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की गई।
अंतिम चरण के इस चुनाव अभ्यास कार्यक्रम में सभी सेक्टर अधिकारियों एवं पीठासीन अधिकारियों को डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग एवं संचालन की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। सभी चुनाव अधिकारियों ने ईवीएम मशीनों का व्यावहारिक संचालन कर उसकी बारीकियों को समझा और अभ्यास किया।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर संजीव धीमान, नोडल अधिकारी कुलदीप ठाकुर, सेक्टर अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.