युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे पीवीसी कैप्टन संजय कुमार: उपायुक्त

जिला प्रशासन के साथ बैठक कर पीवीसी संजय कुमार ने व्यापक कार्य योजना पर किया विचार विमर्श

बिलासपुर, 14 मई: जिला बिलासपुर निवासी कारगिल योद्धा तथा परमवीर चक्र से सम्मानित कैप्टन संजय कुमार प्रदेश के युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों में भर्ती होने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित करेंगे। इसी उद्देश्य को लेकर कैप्टन संजय कुमार ने आज जिला प्रशासन, शिक्षा तथा सैनिक कल्याण विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर एक व्यापक कार्य योजना पर विस्तृत विचार विमर्श किया। पीवीसी कैप्टन संजय कुमार आगामी दिनों में जिला बिलासपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में युवाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का कार्य करेंगे।

इस संबंध में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि कैप्टन संजय कुमार जिला बिलासपुर के विभिन्न महाविद्यालयों, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करेंगे तथा उन्हें भारतीय सेना सहित सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उनका व्यापक अनुभव, देशभक्ति की भावना तथा संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

उन्होंने कहा कि परमवीर चक्र जैसे सर्वोच्च वीरता पुरस्कार से सम्मानित सैनिक का मार्गदर्शन विद्यार्थियों में देशसेवा के प्रति उत्साह और समर्पण की भावना विकसित करने के साथ-साथ युवाओं को अनुशासन, राष्ट्र सेवा और नेतृत्व क्षमता की ओर भी प्रेरित करने का कार्य करेगा।

जिला बिलासपुर निवासी कैप्टन संजय कुमार कारगिल युद्ध के दौरान अपने अदम्य साहस और वीरता के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने विषम परिस्थितियों में असाधारण पराक्रम का परिचय देकर भारतीय सेना का गौरव बढ़ाया तथा उन्हें सर्वोच्च वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया है। पीवीसी कैप्टन संजय कुमार की प्रेरणादायक जीवन गाथा युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की सीख देगी तथा उन्हें देश सेवा के प्रति भारतीय सशस्त्र बलों का हिस्सा बनने को प्रोत्साहित करेगी।

बैठक में पीवीसी कैप्टन संजय कुमार के अतिरिक्त एडीसी ओम कांत ठाकुर, सहायक आयुक्त राजकुमार, उप निदेशक सैनिक कल्याण स्क्वाड्रन लीडर मनोज राणा तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading