मिलाप कौशल खुंडियां
उपमंडल ज्वालामुखी तहसील खुंडियां गांव माहड़ लगड़ू की 88 वर्षीय श्रीमती सेतो देवी बेटी स्व सिपाही संत राम को सेना ने डिपेंडेंट पेंशन लगा कर आर्थिक सहारा दिया है। पूर्व सैनिक लीग खुंडियां के चेयरमैन रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा ने बताया कि सेतो देवी की शादी 1958 में माहड गांव के किरपु राम से हुई थी। इनकी दो बेटियां हुई और दोनों शादीशुदा हैं। इनके पिता का फरवरी 1988 में देहांत हो गया था, पांच साल बाद 1983 में पति भी चल बसे और सेतो देवी मां परंतु देवी पर निर्भर हो गई। सन 1996 में इनकी माता का भी देहांत हो गया अब सेतो देवी बिल्कुल बेसहारा हो गई और बीपीएल परिवार में रह कर गुजारा करने लगी। इन्हें अपने पिता की डिपेंडेंट पेंशन की कोई जानकारी नहीं थी। 2014 में इनकी पेंशन का काम शुरू किया गया लेकिन किसी ने इस बेसहारा को ठीक से गाइड नहीं किया और न ही कोई साथ चलने को तैयार हुआ। सेतो देवी हार कर बैठ गई। 2023 में इनका केस पूर्व सैनिक लीग खुंडियां के चेयरमैन रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा ने फिर से शुरू किया। इनका नाम अपने पिता के रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज नहीं था। लगभग तीन साल कागजात इकट्ठे करने में लग गए। सारा काम जिला सैनिक कल्याण विभाग धर्मशाला के माध्यम से आगे भेजा गया। सितंबर 2025 में पेंशन के पेपर पूर्व सैनिक लीग खुंडियां द्वारा तैयार कर जिला सैनिक कल्याण विभाग धर्मशाला से साइन करवा कर रिकॉर्ड्स में भेजे गए। अब सेतो देवी को आर्मी से लगभग 17000 की मासिक पेंशन लगी है। इस उपकार के लिए सेतो देवी ने नम आंखों से भारतीय सेना, जिला सैनिक कल्याण विभाग धर्मशाला, पूर्व सैनिक लीग खुंडियां की कार्यकारिणी रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा, कैप्टन कर्म सिंह, कैप्टन कश्मीर, कैप्टन अशोक कुमार , सूबेदार मेजर रणबीर, नायब सूबेदार अमर सिंह का निस्वार्थ भाव से की गई मदद के लिए आभार व्यक्त किया है। पूर्व सैनिक लीग खुंडियां में अपने इलाके के इलावा बाहर से भी परिवार आ कर अपने अनेकों काम करवा रहे हैं तथा यह लीग पूर्व सैनिकों के लिए वरदान साबित हो रही है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.