जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा में मनाया गया विश्व मेट्रोलॉजी दिवस

‘मापन: नीति निर्माण में विश्वास का निर्माण‘ थीम पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

बिलासपुर, 20 मई: विश्व मेट्रोलॉजी दिवस के अवसर पर मंगलवार को जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा में विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को माप विज्ञान (मेट्रोलॉजी) के महत्व, उसकी वैज्ञानिक उपयोगिता तथा दैनिक जीवन में उसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि इस वर्ष विश्व मेट्रोलॉजी दिवस की थीम “मापन: नीति निर्माण में विश्वास का निर्माण” रखी गई है। माप-तौल प्रणाली हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर माप की एकरूपता से व्यापार, विज्ञान, उद्योग और तकनीक को मजबूती मिलती है। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि सटीक मापन किसी भी नीति निर्माण, उपभोक्ता संरक्षण और वैज्ञानिक प्रगति की आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बिलासपुर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा तथा पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिला के सभी व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे विधिक माप विज्ञान से जुड़े नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभाग को अवश्य सूचित करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की जागरूकता ही निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है।

सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान विभाग प्रवीण सिउटा ने जानकारी देते हुए बताया कि विश्व मेट्रोलॉजी दिवस प्रतिवर्ष 20 मई को वर्ष 1875 में पेरिस, फ्रांस में हुए मीटर कन्वेंशन की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस दिवस का आयोजन इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ लीगल मेट्रोलॉजी तथा ब्यूरो इंटरनेशनल डेस पॉयड्स एट मेसर्स द्वारा संयुक्त रूप से किया जाता है।

उन्होंने कहा कि माप विज्ञान का महत्व डिब्बाबंद वस्तुओं की मात्रा, भूमि मापन, पेट्रोल-डीजल, दूध की मात्रा, आभूषणों की शुद्धता, स्वास्थ्य जांच, पर्यावरण संरक्षण तथा वैज्ञानिक अनुसंधान सहित अनेक क्षेत्रों में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपभोक्ताओं से माप-तौल संबंधी शिकायतों के लिए 1915 एवं 1100 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की अपील भी की।

विभागीय उपलब्धियों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 55,381 इकाइयों का सत्यापन कर 1 करोड़ 62 लाख 54 हजार 210 रूपए शुल्क संग्रहित किया गया। इसके अतिरिक्त 3,841 निरीक्षण किए गए, जिनमें अनियमितता पाए जाने पर 172 मामले दर्ज कर 10 लाख 78 हजार रूपए जुर्माना लगाया गया।

कार्यक्रम के दौरान विधिक माप विज्ञान विषय पर क्विज प्रतियोगिता तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। क्विज प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिला। प्रतियोगिता में टीम-1 और टीम-4 ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। टीम-1 में रामांश (कक्षा 12 विज्ञान), रिधि (कक्षा 10) तथा सक्षम (कक्षा 10) शामिल रहे, जबकि टीम-4 में आशीष (कक्षा 11), सृष्टि (कक्षा 12 मानविकी) तथा अभिनव (कक्षा 11) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इसी तरह पेंटिंग प्रतियोगिता में कक्षा 10-ए की रिधि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 9-बी की सृष्टि नड्डा द्वितीय तथा कक्षा 10-बी की रक्षिता तृतीय स्थान पर रहीं। सांत्वना पुरस्कार ऋषित (कक्षा 10-बी), आन्या (कक्षा 8-ए) तथा अक्षिता ठाकुर (कक्षा 10-बी) को प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई उत्कृष्ट पेंटिंग्स को भी विशेष रूप से सराहा गया। इनमें सुरम्या, आर्यन, प्राची तथा अश्मीना (कक्षा 6-ए) की पेंटिंग्स चयनित की गईं।

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कटोच, अध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading