मंडी, 11 जून। उपमंडलाधिकारी (नागरिक) एवं सहायक जनगणना अधिकारी मंडी सदर रुपिंदर कौर ने उपमंडल के नागरिकों से जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा पहली बार डिजिटल जनगणना के तहत नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करने की सुविधा प्रदान की गई है।
रुपिंदर कौर ने बताया कि मंडी सदर उपमंडल के नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी एवं अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। उन्होंने लोगों से निर्धारित समय सीमा से पहले इस प्रक्रिया को पूरा करने का आग्रह किया है।
सरल और सुरक्षित है प्रक्रिया
उन्होंने बताया कि नागरिक पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। इसके बाद परिवार एवं आवास संबंधी आवश्यक जानकारी भरकर प्रपत्र जमा किया जा सकता है। सफल पंजीकरण के उपरांत प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त होगी।
स्व-गणना से होंगे कई लाभ
एसडीएम ने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक सुविधाजनक तरीके से घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और पारदर्शी है। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की बेहतर योजना निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी सटीक जनगणना आंकड़े महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निर्धारित तिथि से पहले करें पंजीकरण
रुपिंदर कौर ने बताया कि यदि कोई परिवार स्व-गणना नहीं करता है तो भी जनगणना कर्मी घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। फिर भी नागरिकों को डिजिटल सुविधा का लाभ उठाते हुए स्वयं जानकारी दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे 15 जून से पहले अपनी स्व-गणना प्रक्रिया पूर्ण कर जनगणना 2027 को सफल बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि सही और सटीक जनगणना देश के विकास की मजबूत आधारशिला है तथा प्रत्येक नागरिक की भागीदारी इसमें महत्वपूर्ण है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.