मंडी, 11 जून। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां मंडी जिले में चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से अपील की है कि सभी माता-पिता एवं अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि योग्य किशोर लड़कियाँ सरकार द्वारा उपलब्ध करवाए जा रहे मुफ़्त ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण का लाभ उठाएँ। सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तौर पर 14 से 15 साल उम्र की लड़कियों को यह टीका मुफ़्त दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मंडी ज़िले में अभी तक लगभग 2,508 योग्य लड़कियां एचपीवी टीकाकरण पहल का लाभ उठा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से इस टीके के फायदों के बारे में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभाग माता-पिता की चिंताओं को दूर करने के लिए शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य कर्मियों और समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। पात्रता और टीकाकरण सत्रों के बारे में अधिक जानकारी के लिए लोग अपने निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान जैसे स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या नागरिक अस्पताल से संपर्क कर सकते हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी (एनसीडी) डॉ. पवनेश बैठक में बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं को होने वाले सबसे आम कैंसर में से एक है और यह मुख्य रूप से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के कुछ प्रकारों के लगातार संक्रमण के कारण होता है। समय पर टीकाकरण से इस कैंसर को काफी हद तक रोका जा सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस टीके का कड़ाई से मूल्यांकन किया गया है। राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य एजेंसियाँ इसकी सिफारिश करती रही हैं। दुनिया भर में एचपीवी टीके पर बड़े पैमाने पर अध्ययन किया गया है और इसे सुरक्षित, असरदार और सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम करने में सक्षम पाया गया है।
बैठक में जिला चिकित्सा अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. अरिंदम राय भी उपस्थित थे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.