पंचायत चुनावों के लिए चौंतड़ा में दूसरी चुनावी रिहर्सल आयोजित

436 चुनाव कर्मियों ने लिया भाग, 109 टीमों का किया गया गठन

जोगिंदर नगर , 21 मई।

आगामी पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से चौंतड़ा में आज दूसरी चुनावी रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल में कुल 436 चुनाव कर्मियों ने भाग लिया, जिनकी लगभग 109 टीमों का गठन किया गया। इस दौरान चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी मतदान कर्मियों को दी गई ताकि मतदान दिवस पर सभी प्रक्रियाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।

रिहर्सल के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में भारतीय वन सेवा अधिकारी सुभाष पराशर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी तथा सहायक आयुक्त विकास एवं बीडीओ चौंतड़ा अनुभव तनवर भी मौजूद रहे और उन्होंने रिहर्सल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर खजान सिंह तथा अखिल सूद ने मतदान कर्मियों को चुनाव संबंधी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने मतदान सामग्री के रख-रखाव, मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली सावधानियों, मतदाताओं की पहचान, चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों तथा मतदान समाप्ति के उपरांत अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया।

इस दौरान बीडीओ अनुभव तनवर ने उपस्थित चुनाव कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी चुनाव प्रक्रिया को पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा प्रत्येक चुनाव कर्मी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कर्मियों से निर्देशों का भली-भांति अध्ययन करने तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर समय रहते उसका समाधान करने का आग्रह किया।

एसडीएम मनीश चौधरी ने बताया कि चुनावों को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं तथा मतदान कर्मियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई उत्पन्न न हो।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading