जिला परिषद व पंचायत समिति चुनावों की मतगणना की तैयारियों पर बैठक आयोजित, उपायुक्त ने की अध्यक्षता

शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करें मतगणना कार्य – अपूर्व देवगन

मंडी, 21 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आज यहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के दृष्टिगत मतगणना कार्य से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को मतगणना कार्य शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि मतगणना केंद्रों तक मतपेटियां लाने से लेकर परिणाम घोषित करने तक सभी प्रक्रियाओं के दौरान निर्धारित नियमों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित की जाए। मतगणना केंद्रों के भीतर मतगणना स्टाफ के अलावा केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इनमें निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण करने में अपनी ड्यूटी दे रहे सरकारी कर्मियों के अलावा उम्मीदवार, उनके काऊंटिंग एजेंट एवं इलेक्शन एजेंट भी शामिल हैं। उन्होंने इसके लिए परिचय पत्र इत्यादि की समुचित व्यवस्था करने को भी कहा।

अपूर्व देवगन ने कहा कि सभी सीलबंद मतदान पेटियों के नंबर व सील इत्यादि का गहन निरीक्षण सुनिश्चित करें और संबंधित प्रत्याशी एवं उनके मतगणना एजेंट को भी इसमें शामिल करें। उन्होंने कहा कि मतगणना के लिए पर्याप्त संख्या में टेबल लगाए जाएं और मतगणना निरंतर जारी रखी जानी चाहिए। मतपत्रों की छंटाई एवं गिनती सहित पुनः मतदान की स्थिति में नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर लें। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी और इसके लिए आवश्यक प्रबंध समय रहते पूर्ण कर लें। पुनः मतगणना अथवा ड्रॉ ऑफ लॉट्स की स्थिति में इसकी भी समुचित वीडियो रिकॉर्डिंग सुनिश्चित कर लें।

उपायुक्त ने कहा कि मतगणना केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि मतगणना का कार्य शांतिपूर्वक एवं सुचारू ढंग से संपन्न किया जा सके। उन्होंने मतगणना केंद्रों पर पेयजल की समुचित व्यवस्था के साथ ही किसी भी चिकित्सा आपात के लिए चिकित्सा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने बताया कि पंचायत समिति सदर मण्डी की मतगणना खण्ड विकास अधिकारी सदर मण्डी के कार्यालय में, बल्ह की उप-मण्डलाधिकारी (ना०) बल्ह के कार्यालय में, गोहर की राजकीय महाविद्यालय बासा में, गोपालपुर की राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट (पीटीए ब्लाक) में, चुराग की ग्राम पंचायत खील के सामुदायिक भवन (सभागार कक्ष) में, सुन्दर नगर की किसान प्रशिक्षण केंद्र, जवाहर पार्क सुन्दरनगर में, धनोटू की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महादेव में, सराज की राजकीय महाविद्यालय सराज (लम्बाथाच) में, बालीचौकी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालीचौकी (साईंस ब्लॉक) में, चौंतड़ा की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौंतड़ा (वोकेशनल लैब) में, द्रंग की ग्राम पंचायत डलाह के सामुदायिक भवन में, धर्मपुर की राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में, निहरी की राजकीय महाविद्यालय निहरी में तथा पंचायत समिति करसोग की मतगणना राजकीय महाविद्यालय करसोग में की जाएगी।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, उपमंडलाधिकारी (ना.) सदर रुपिंदर कौर, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा मंडी में तथा अन्य सभी उपमंडलाधिकारी (ना.), खंड विकास अधिकारी तथा तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading