सरकाघाट में पंचायत चुनाव के प्रथम चरण हेतु मतदान पार्टियां रवाना

26, 28 व 30 मई को तीन चरणों में होंगे चुनाव

सरकाघाट, 24 मई।

आगामी 26, 28 व 30 मई को होने जा रहे पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर गोपालपुर खंड में मतदान पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दी गई हैं। गोपालपुर खंड में 50 ग्राम पंचायतों के लिए कुल 113 मतदान पार्टियों को तैनात किया गया है।

इस बारे जानकारी देते हुए रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर तैनात मतदान पार्टियों को उनके गंतव्य स्थानों के लिए मतदान सामग्री के साथ रवाना कर दिया गया है। रवाना करने पूर्व उन्होंने मतदान ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के अनुरूप अपनी चुनावी ड्यूटी पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ निभाने का आह्वान किया। उन्होने बताया कि गोपालपुर विकास खंड की 50 ग्राम पंचायतों में स्थापित मतदान केंद्रों के लिए कुल 113 मतदान पार्टियों को तैनात किया गया है। साथ ही 54 मतदान कर्मियों को रिजर्व रखा गया है। जिनमें प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए चार मतदान कर्मी तथा 2 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की है।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि गोपालपुर खंड में वॉर्ड नंबर 8 तताहर – 1 और वॉर्ड नंबर 9 तताहर- 2को पिंक बूथ बनाया गया है। जबकि मसेरन पोलिंग स्टेशन को ग्रीन बूथ बनाया गया है।

उन्होने बताया कि प्रातः 7 बजे से सांय 3 बजे तक मतदान करवाया जाएगा तथा मतदान पूर्ण होने के बाद संबंधित पंचायत मुख्यालय में मतों की गिनती की जाएगी तथा चुनाव परिणाम घोषित होंगे। जबकि पंचायत समिति व जिला परिषद् सदस्यों की मत पेटियों को राजकीय डिग्री कॉलेज सरकाघाट में स्थापित स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचाया जाएगा। 31 मई को प्रातः आठ बजे से पंचायत समिति व जिला परिषद् सदस्यों के मतों की गिनती की जाएगी।

48 घंटे पूर्व संबंधित ग्राम पंचायत में बंद हो जाएगा चुनाव प्रचार

रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि मतदान वाली ग्राम पंचायतों में मतदान से 48 घंटे पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत समिति तथा जिला परिषद् के लिए चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों द्वारा चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। साथ ही कहा कि जिन उम्मीदवारों ने वाहनों एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार की अनुमति प्राप्त की है ऐसे सभी तरह का प्रचार अभियान भी संबंधित पंचायत में 48 घंटे पूर्व बंद हो जाएगा। इस दौरान यदि कोई चुनाव प्रचार करते हुए पाया जाता है तो उसे आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा।

मतदान सुचारू तौर पर संपन्न करवाने को 6 सेक्टर अधिकारी व 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात

तीन चरणों में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को सुचारू तौर पर करवाने के लिए पूरे गोपालपुर ब्लॉक को 6 सैक्टर में विभाजित किया गया है। जिसके लिए 6 सेक्टर ऑफिसर तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है।

26, 28 व 30 मई को इन ग्राम पंचायतों में होगा मतदान

पहले चरण में 26 मई को गोपालपुर खंड की 17 ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा। इसी तरह दूसरे चरण में 28 मई को 17 ग्राम पंचायतों में जबकि 30 मई को 16 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading