अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर चाम्बी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सुंदरनगर, 22 मई2026।

अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर द्वारा राजकीय उच्च विद्यालय चाम्बी सुंदरनगर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरण संतुलन तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम में लगभग 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर की वैज्ञानिक अधिकारी रेनू बाला ने विद्यार्थियों को जैव विविधता के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस की थीम “एक्टिंग लोकली फॉर ग्लोबल इंपैक्ट” अर्थात “वैश्विक प्रभाव के लिए स्थानीय स्तर पर कार्य करना” रखी गई है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के पर्यावरण, जल स्रोतों, वनस्पतियों एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास करे, तो उसका सकारात्मक प्रभाव वैश्विक स्तर पर दिखाई देगा। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि जैव विविधता केवल पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन, कृषि, जलवायु और स्वास्थ्य के संतुलन का आधार है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे तथा अपने संदेहों का समाधान प्राप्त किया। विद्यालय प्रशासन ने क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading