मतदान प्रक्रिया के दौरान न हो कोई भी कोताही : एसडीएम

सैक्टर अधिकारियों, पीठासीन और मतदान अधिकारियों को दिए निर्देश

बहुतकनीकी महाविद्यालय के सभागार में करवाया गया द्वितीय पूर्वाभ्या

हमीरपुर 22 मई। एसडीएम हमीरपुर एवं निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संजीत सिंह ने आगामी पंचायतीराज संस्थाओं की मतदान प्रक्रिया के दौरान सैक्टर अधिकारी, पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी के रूप में तैनात होने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे मतदान प्रक्रिया के दौरान पूरी ऐहतियात बरतें और इसमें किसी भी स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

शुक्रवार को बड़ू में बहुतकनीकी महाविद्यालय के सभागार में आयोजित दूसरे दौर के पूर्वाभ्यास के दौरान एसडीएम ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्विवाद और शांतिपूर्वक ढंग से पूर्ण करवाने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सभी नियमों एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह समझ लें। मतदान प्रक्रिया के बारे में किसी भी तरह की शंका की स्थिति में तुरंत उच्च अधिकारियों से संपर्क करें। एसडीएम ने कहा कि मतदान केंद्र पर सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान दल 24 मई को ही रवाना कर दिए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर पहुंचते ही सभी दलों को रिपोर्ट प्रेषित करनी होगी। पोलिंग बूथ स्थापित करने की प्रक्रिया 25 मई को ही पूरी करनी होगी, ताकि 26 मई को किसी भी तरह के अनावश्यक विलंब के बगैर सुबह 7 बजे मतदान शुरू किया जा सके।

दूसरे चरण के पूर्वाभ्यास में खंड विकास अधिकारी तान्या शर्मा, तहसीलदार हमीरपुर नरेश पटियाल, नायब तहसीलदार जगदीश ठाकुर, हमीरपुर उपमंडल के अन्य सैक्टर अधिकारियों, मास्टर ट्रेनरों, पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों ने भाग लिया।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading