पंचायत चुनावों के लिए 121 मतदान दल रवाना

मंडी सदर की 55 पंचायतों में तीन चरणों में होंगे चुनाव, 323 मतदान केन्द्रों पर डाले जाएंगे वोट

मंडी, 24 मई। मंडी सदर विकास खंड की 55 पंचायतों में पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए 121 मतदान दलों को चुनाव सामग्री के साथ आज रवाना कर दिया गया। ये मतदान दल 26, 28 और 30 मई को होने वाले तीन चरणों के मतदान के लिए 323 मतदान केन्द्र स्थापित करेंगे।

सहायक रिटर्निंग अधिकारी-सह-एसडीएम सदर मंडी रूपिन्द्र कौर की निगरानी में मतदान दलों को बिपाशा सदन मंडी से बसों के माध्यम से प्रथम चरण के चुनावों के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि 26 मई को सबसे अधिक 121 मतदान केन्द्रों, 28 मई को 111 तथा 30 मई को 91 मतदान केन्द्रों पर मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के चुनावों के लिए मतदान दलों को सुरक्षा कर्मियों के साथ रवाना किया गया है। इस दौरान मतदान प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

रूपिन्द्र कौर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम-1994 की धारा 158-जी के तहत मतदान के दिन सभी मतदान केन्द्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की प्रचार गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसकी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश सभी मतदान अधिकारियों को दिए गए हैं।

उन्होंने सभी मतदान टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत संबंधित सेक्टर अधिकारी से संपर्क करें। उन्होंने मतदान कर्मियों को निर्देश दिए कि पूर्व में जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें तथा पुलिस सुरक्षा के बिना किसी प्रकार की आवाजाही न करें।

इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं बीडीओ मंडी सदर सुरेन्द्र ठाकुर सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading