गरली में सेहत का महाकुंभ: टीबी मुक्त भारत का गूंजा संकल्प,

0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का हुआ व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण

प्रदीप ठाकुर

रक्कड़: 5जून: स्वस्थ बचपन और सुरक्षित भविष्य की नींव मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को गरली आंगनबाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अभियान देखने को मिला। गांव के नौनिहालों की सेहत की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे उत्साह के साथ मैदान में उतरी, जहां 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान केंद्र परिसर स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा का केंद्र बन गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरला देवी (गरली) और अमराज कौर (मुआला केंद्र) की सराहनीय पहल पर आयोजित एक दिवसीय स्वास्थ्य शिविर में बच्चों के वजन, पोषण स्तर, शारीरिक विकास तथा सामान्य स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की गई। बीएमओ डाडा सीबा के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित शिविर में डॉ. रोहित के नेतृत्व में पहुंची हेल्थ ब्लॉक डाडा सीबा की टीम ने अभिभावकों को बच्चों की बेहतर देखभाल, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
शिविर केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यहां “टीबी मुक्त भारत” अभियान को लेकर भी विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए समय पर जांच और इलाज करवाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक और समय पर उपचार ही देश को टीबी मुक्त बनाने का सबसे प्रभावी रास्ता है।
शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों और उनके अभिभावकों की उपस्थिति ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्र अब स्वास्थ्य के प्रति पहले से अधिक सजग हो रहे हैं।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading