माँ शूलिनी मेला परम्परागत रूप से किया जाएगा आयोजित – डॉ. शांडिल

26, 27 व 28 जून को आयोजित होगा माँ शूलिनी मेला

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि लोगों की आस्था का प्रतीक माँ शूलिनी मेला इस वर्ष भी परम्परागत रूप से 26, 27 व 28 जून, 2026 को आयोजित किया जाएगा। डॉ. शांडिल आज यहां माँ शूलिनी मेला के आयोजन के सम्बन्ध में शूलिनी मेला समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

डॉ. शांडिल ने संबंधित अधिकारियों को हर वर्ष की भांति पूजा स्थल व माँ शूलिनी की शोभायात्रा से सम्बन्धित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शोभा यात्रा के दौरान आवागमन की सुचारू व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध करने को भी कहा। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को शूलिनी माता मंदिर से शोभा यात्रा आरम्भ स्थल तक मार्ग की मुरम्मत करने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य मंत्री ने मेले से सम्बन्धित विभिन्न समितियां शीघ्र गठित करने के निर्देश दिए।

डॉ. शांडिल ने उपमण्डलाधिकारी सोलन को निर्देश दिए कि विभिन्न स्थानों पर लगने वाले भण्डारों की समय सारणी सुनिश्चित करें ताकि श्रद्धालु सुव्यवस्थित ढंग से भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर सके। उन्होंने मेले के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखने और विशेष तौर पर भण्डारा स्थलों के आस-पास साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को मेले के दौरान शहर में पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा भण्डारों में जल वितरण के बर्तनों को ढक कर रखवाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने हिमाचली लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के दृष्टिगत प्रदेश के विभिन्न ज़िलों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित करने तथा हिमाचली कलाकारों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उचित स्थान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मेले में क्राफ्ट मेला, प्रदर्शनी, कुश्ती, ठोडो, रस्सा कशी, वॉलीबाल, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, कबड्डी, शतरंज, टैबल टेनिस, जुडो आदि खेल-कूद गतिविधियां, नारा लेखन प्रतियोगिता, बेबी शो, फ्लावर शो, पैट शो जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन अधिकारी सोलन को मेले के समय स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए निःशुल्क बस सेवा चलाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि मेला अवधि में कानून एवं व्यवस्था तथा सुचारू यातायात बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय कैडेट कोर की सेवाएं भी लें।

डॉ. शांडिल ने मेले के अवसर पर स्मारिका के प्रकाशन, मंच व मेला मैदान में बैठने की व्यवस्था, स्टॉल, आवास, परिवहन, प्राथमिक सहायता व स्वागत समिति से सम्बन्धित विभिन्न कार्य समयबद्ध पूरा करने को कहा।

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री को विश्वास दिलाया कि उनके निर्देशों की अनुपालना की जाएगी व मेले का सफल आयोजन करवाया जाएगा।

सहायक आयुक्त नीरजा शर्मा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।

बैठक में बघाट सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्र केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य सुरेन्द्र सेठी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल ठाकुर व रमेश ठाकुर, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बरमानी, खण्ड कांग्रेस अध्यक्ष सोलन मनीष ठाकुर, हिमाचल प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य शोभित बहल, प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव विकास काल्टा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेश बोर्ड के सदस्य अजय वर्मा, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, अरविंदर गुप्ता, शिव कुमार व संधीरा, शूलिनी माता के कारदार, पंचायती राज संस्थाओं तथा शहरी निकायों के नव निर्वाचित जन प्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एसडी वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त एकता कापटा, उप पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा सहित अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading