कुल्लू, 3 जून : लुहरी जलविद्युत परियोजना (LHEP) स्टेज-I के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) से संबंधित बैठक का आयोजन मंडलायुक्त मंडी आर. के. पुरथी की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा, परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा, महाप्रबंधक (आर एंड आर) अलका जायसवाल, सहायक आयुक्त मंडलायुक्त सुनैना शर्मा तथा जिला राजस्व अधिकारी सुरभि नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान परियोजना प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परियोजना प्रभावित 14 परिवारों को नियमों एवं प्रावधानों के अनुरूप आवास निर्माण हेतु देय धनराशि का आवंटन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत एवं सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास प्रक्रिया को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए तथा परियोजना प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। बैठक में प्रभावित परिवारों के हितों की सुरक्षा एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
मंडलायुक्त ने कहा कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप तथा समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, जिससे प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.