आवारा पशुओं के आतंक पर भी सख्त तेवर, जनता के मुद्दों पर समझौता नहीं
प्रदीप ठाकुर
रक्कड़: 3जून: ग्राम पंचायत दयाल-नैहरनपुखर की नव निर्वाचित प्रधान रजना धीमान ने पदभार संभालते ही साफ कर दिया है कि उनका कार्यकाल सिर्फ औपचारिकताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष का पर्याय बनेगा। पंचायत की कमान संभालते ही उन्होंने क्षेत्र की दो सबसे बड़ी समस्याओं—पेयजल संकट और आवारा पशुओं के आतंक—पर खुलकर मोर्चा खोल दिया है।
रजना धीमान ने कहा कि दयाल-नैहरनपुखर क्षेत्र वर्षों से भीषण पेयजल संकट झेल रहा है। गर्मियों में हालात इतने खराब हो जाते हैं कि लोगों को पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करना पड़ता है। क्षेत्र में न पर्याप्त कुएं हैं, न बावड़ियां और न ही हैंडपंप जैसी वैकल्पिक सुविधाएं। ऐसे में हजारों लोग पूरी तरह जल शक्ति विभाग की योजनाओं पर निर्भर हैं।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समय रहते क्षेत्र को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं करवाया गया तो पंचायत ग्रामीणों को साथ लेकर बड़ा जनआंदोलन छेड़ेगी। जरूरत पड़ी तो चक्का जाम जैसे कड़े कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
नव निर्वाचित प्रधान ने आवारा पशुओं के बढ़ते आतंक को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि सड़कों और खेतों में झुंड बनाकर घूम रहे पशु किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। फसलें बर्बाद हो रही हैं और सड़क हादसों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ मिलकर ठोस रणनीति बनाई जाएगी।
रजना धीमान ने कहा कि जनता ने उन्हें बदलाव और उम्मीद के नाम पर चुना है। ऐसे में लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.