प्रदेश सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत : केवल सिंह पठानिया

उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने चढ़ियार में सुनीं लोगों की समस्याएं

केवल सिंह पठानिया ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को दी शुभकामनाएं

बैजनाथ, 03 जून

उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने उपमंडल बैजनाथ के दौरे के दौरान आज चढ़ियार विश्राम गृह में स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, सिंचाई तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों को उनके समक्ष रखा।

उपमुख्य सचेतक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए तथा समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस दौरान उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण में पंचायतों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी जनप्रतिनिधि निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में सक्रिय योगदान देंगे।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल विकास कार्यों को गति देना ही नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों को सशक्त बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इस दिशा में जनप्रतिनिधियों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने आश्वस्त किया कि स्थानीय जनता द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों एवं विकास संबंधी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि चढ़ियार स्थित विश्राम गृह स्थानीय लोगों एवं विभिन्न विभागीय गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण है इसलिए इसके विस्तारीकरण एवं आवश्यक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर डी०एफ० ओ० संजीव शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, पूर्व अनुसूचित जाति सैल के उपाध्यक्ष रविंदर बिट्टू, वीरेंद्र राणा, रणवीर, भीम सिंह, विजय कुमार, समीर राणा, जोगिंदर सिंह, शिवांगी देवी, सरोज कुमारी, शंभू राम, जगदीश चंद, देशराज, करतार चंद, विकास राणा, अमित नाग सहित अन्य उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading