जोगिंदर नगर, 3 जून। जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए जोगिंदर नगर में आज से प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिन 50-50 प्रतिभागियों के दो बैचों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, जो 3 जून से 12 जून तक तीन-तीन दिनों की अवधि में दो-दो बैचों के माध्यम से संपन्न होगा। इस प्रकार जोगिंदर नगर क्षेत्र में कुल छह बैचों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों के कुल 282 सरकारी कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में फील्ड ट्रेनर अनिल कुमार, रविंद्र ठाकुर, दीपक कुमार तथा जितेंद्र कुमार प्रतिभागियों को जनगणना संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान गणनाकर्मियों को मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग, प्रपत्रों के सही संधारण, आंकड़ों के संकलन तथा फील्ड में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों के समाधान संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर तहसीलदार जोगिंदर नगर रजत सेठी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं, नीतियों तथा संसाधनों के समुचित वितरण का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक गणनाकर्मी की जिम्मेदारी है कि वह अपने कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सटीकता के साथ संपन्न करे।
तहसीलदार रजत सेठी ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान जोगिंदर नगर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत तहसील जोगिंदर नगर, उप-तहसील मकरीड़ी तथा नगर परिषद जोगिंदर नगर के सभी क्षेत्रों में मकानों एवं आवासीय इकाइयों का सर्वेक्षण किया जाएगा।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार जोगिंदर नगर जागृति राठौर भी मौजूद रही।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.