शिव मंदिर सुभाष नगर में 8.5 लाख रुपए की लागत से निर्मित शेड का किया लोकार्पण
लोगों की सुनी समस्याएं, अधिकतर समस्याओं का मौके पर किया समाधान
सुभाष नगर, 4 जून: आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा क़ानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक गांव के लोगों की आकांक्षा और आशाओं के सामाजिक और सामूहिक कार्यों को करना उनकी विशेष प्राथमिकता है। यह बात आज उन्होंने ग्राम पंचायत द्रमण के शिव मंदिर सुभाष नगर परिसर में 8.5 लाख रुपए की लागत से नव निर्मित शेड के लोकार्पण के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
मंत्री ने पंचायत वासियों को मंदिर परिसर में बेहतर शेड निर्माण की बधाई देते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की मांग पर शेड निर्माण कार्य के लिए यह धनराशि उपलब्ध करवाई गई थी। उन्होंने कहा किया कि इस कार्य को तय समय सीमा के भीतर पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया गया है, जिससे यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने स्थानीय जनता को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के सभी रुके हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी। इसी कड़ी में उन्होंने कहा कि आशापुरी से मल्ली सड़क की टारिंग कार्य के लिए धनराशि उपलब्ध करवा दी गई है और जल्द ही इस सड़क की टारिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके सामर्थ्य और प्रयासों के अनुरूप पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस दौरान खेल एवं कानून मंत्री ने इस क्षेत्र से नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों और स्थानीय पंचायत के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को उनकी शानदार जीत पर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को हार पहनाकर सम्मानित भी किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र के जमीनी विकास के लिए स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका सबसे अहम होती है। उन्होंने इन प्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने के लिए सरकार की ओर से हर संभव सहयोग देने का पूरा आश्वासन दिया।
इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर मंदिर कमेटी द्वारा मुख्य अतिथि आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा को शॉल व हिमाचली टोपी भेंट कर भव्य स्वागत व सम्मानित किया गया।
इस दौरान आयुष मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना और अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। शेष समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभाग को निर्देशित किया।
इस अवसर पर द्रमण वार्ड के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य ओपी धीमान, बागकलुजां वार्ड के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य अभिषेक सूद, स्थानीय पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान राकेश कुमार, उप प्रधान नरेश कुमार, सुआं पंचायत के उप प्रधान मेघ सिंह सहित मंदिर कमेटी के समस्त सदस्य, थान सिंह, राज चन्द्र, विभिन्न विभागों के अधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.