दयोल में विश्व पर्यावरण दिवस आयोजित
बैजनाथ, 5 जून।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष पर आज वन विभाग के सौजन्य से दयोल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्रवासियों ने भी पौधारोपण अभियान में भाग लिया।
मुख्य अतिथि किशोरी लाल ने अपने संबोधन में कहा कि वन संपदा हमारी अमूल्य धरोहर है तथा इसका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वन केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाते बल्कि मानव जीवन के लिए आवश्यक अनेक प्राकृतिक संसाधन भी उपलब्ध करवाते हैं। वनों से जहां हमें शुद्ध वायु, पशुओं के लिए चारा मिलता है वहीं विभिन्न प्रकार की जड़ी-बूटियां तथा औषधीय गुणों से युक्त पौधे भी प्राप्त होते हैं।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए है तथा प्रदेश सरकार हिमाचल को ग्रीन ऊर्जा राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है तथा वाहनों में भी कूड़ादान रखने की निर्देश दिए गए है।
उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
उन्होंने लोगों से वनों में लगने वाली आग के प्रति सतर्क एवं जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वनाग्नि से न केवल बहुमूल्य वन संपदा को नुकसान पहुंचता है बल्कि पर्यावरण एवं वन्यजीवों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं वन में आग लगने की घटना सामने आती है तो उसे नियंत्रित करने एवं बुझाने के प्रयासों में सभी लोगों को बढ़-चढ़कर सहयोग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर वन में आग लगाता हुआ पाया जाता है तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग अथवा स्थानीय पुलिस प्रशासन को दें ताकि उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने हाल ही में निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को भी बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर रेंजर वन अधिकारी दीपक भरमौरी, वन खंड अधिकारी संदीप कुमार, अमित, गीता, राजकुमार, रीना, जगतराम, चमनलाल, उद्धोराम, मुंशीराम, सुभाष, मेहर, धर्मचंद, हाड़ी राम तथा कमल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.