विश्व पर्यावरण दिवस पर शाहपुर से पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश
जन्मदिन, शादी की सालगिरह व अन्य विशेष अवसरों पर करें पौधारोपण : पठानिया
शाहपुर, 5 जून।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपयुक्त प्रौद्योगिकी केंद्र (एटीसी) शाहपुर के तत्वावधान में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शाहपुर, रैत, घरोह, रजोल, कांगड़ा इंटरनेशनल स्कूल शाहपुर तथा आईटीआई शाहपुर के लगभग 300 विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं एंटी-चिट्टा अभियान को लेकर शाहपुर स्कूल परिसर से आईटीआई शाहपुर तक विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए “हरित पर्यावरण, स्वच्छ समाज और नशामुक्त हिमाचल” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
मुख्य अतिथि शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।
उन्होंने लोगों से अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ तथा अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ते दबाव के बीच वृक्षारोपण, जल स्रोतों का संरक्षण तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल पेड़ नहीं होता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और सुरक्षित भविष्य की नींव होता है।
पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक संपदा से समृद्ध राज्य है और इसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में वन क्षेत्र निरंतर बढ़ रहा है तथा राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देकर महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
इस अवसर पर विधायक ने शाहपुर मैदान एवं आईटीआई परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा कल की पीढ़ियों के जीवन में खुशहाली, स्वास्थ्य और समृद्धि का आधार बनेगा।
नशे के खिलाफ प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की “चिट्टे के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अब तक 380 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं तथा नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
कार्यक्रम में एटीसी प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए केंद्र द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.