द्रंग के रोपा में दस परिवार भाजपा छोड़ कांग्रेस में हुए शामिल



कांग्रेस प्रभारी एवं पीसीसी महासचिव बलविंदर बबलू ने हार पहना किया स्वागत

आपदा में प्रधानमंत्री को याद नहीं आया हिमाचल, अब करेंगे
चुनावी रैलियां-बबलू


किरण राही/पधर (मंडी)।


द्रंग विधानसभा क्षेत्र के इलाका स्नोर की रोपा पंचायत में दस परिवार भाजपा छोड़ कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। विधानसभा क्षेत्र प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव बलविंदर सिंह बबलू ने सभी लोगों को फूल माला और पार्टी का पटका पहना कर स्वागत किया।


इस दौरान बलविंदर सिंह बबलू ने कहा कि केंद्र की तानाशाह मोदी सरकार ने दस साल के कार्यकाल में बड़े बड़े पूंजीपतियों और उद्योगपतियों को खुली छूट देते हुए किसानों, बागवानों, मजदूरों और बेरोजगारों का शोषण किया है। देश मे धार्मिक उन्माद पैदा कर अमन चैन छीनने की कोशिशें भाजपा करती आई है। हिमाचल प्रदेश में गत बरसात में आई भीषण आपदा से मची त्राहि त्राहि के दौरान प्रधानमंत्री ने फूटी कौड़ी की वित्तिय मदद प्रदेश की नहीं की।

न प्रभावित परिवारों का दुख दर्द बांटने के लिए कोई प्रदेश का दौरा किया। अब चुनावों में जनता को बरगलाने के लिए प्रधानमंत्री प्रदेश में चुनवी रैलियां करने आ रहे हैं। लेकिन उन्हें प्रदेश की जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
बबलू ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने आपदा के दौर में प्रभावितों की जमकर मदद की। पूरा मंत्रिमंडल इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ प्रभावितों के पुनर्वास को लेकर दिन रात मोर्चे पर डटा रहा। केंद्र से कोई मदद न मिलने पर मुख्यमंत्री ने पैंतालीस करोड़ रुपये का विशेष पैकेज जारी कर प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाई। जिनके घर आपदा में बहे थे, उन्हें मकान निर्माण के लिए सात सात लाख रुपये की राहत राशि दी।


प्रदेश की जनता अब मुख्यमंत्री के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह रिकार्ड मतों की जीत दर्ज कर लोकसभा में प्रदेश की आवाज को बुलंद करेंगे। मतदाताओं का रुझान इसमें साफ दिख रहा है।


उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए सभी लोगों को आश्वासन दिया कि पार्टी में मान सम्मान के साथ उनकी हर समस्या का निराकरण प्रमुखता से किया जाएगा।
इस दौरान अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस जिला अध्यक्ष कर्म चंद भाटिया, युकां अध्यक्ष मनोज ठाकुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रेशमा ठाकुर, प्रधान तेज राम और ललित ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Scroll to Top