मुस्लिम समुदाय के लोगों की कल्याणकारी योजनाओं पर सुक्खू सरकार ने चलाई कैंची: मोहम्मद राजबली



किरण राही/पधर मंडी।


राज्य बक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद राजबली ने कहा है कि प्रदेश की राजनीति में अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को कांग्रेस पार्टी ने हमेशा वोट की राजनीति तक सीमित रखा है। भाजपा की सरकारों ने समाज के लोगों के कल्याण और उत्थान को अनेकों योजनाएं शुरू करके सूबे की मुस्लिम बस्तियों में खुशहाली लाई है। यही कारण है कि आज चुनाव में मुस्लिम समुदाय के लोग भाजपा को खुला समर्थन कर रहे है। द्रंग विधानसभा क्षेत्र में गवाली , कमांद, कटौला, बेथरी, घराण पंचायत में मुस्लिम बस्तियों का दौरा कर भाजपा नेता ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी कंगना रनौत के लिए समर्थन जुटाया।


पधर में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में आर्थिक रूप से विशाल, विकासशील और विकसित भारत की परिकल्पना हुई है। सरकारी नौकरियों में बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है। प्रदेश में अल्पसंख्यक समाज के विकास के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कल्याण योजना शुरू की है, जो देश के अन्य किसी भी राज्य में नहीं है। इसके तहत विभिन्न प्रकार की 15 योजनाएं क्रियान्वित है। 

बोर्ड के माध्यम से  उन्होंने अपने कार्यकाल में  प्रदेश की हर बस्ती में सिलाई केंद्र खोले।  कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही इन केंद्रों को बंद करके मुस्लिम समुदाय की बेटियों और महिलाओं के कौशल विकास पर रोक लगाई है। सिलाई अध्यापिकाओं को बेरोजगार कर घर बिठाया है।  भाजपा इसकी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि समाज के उत्थान के लिए जयराम ठाकुर खुशहाली वाले मुख्यमंत्री साबित हुए हैं। उनके कार्यकाल में प्रत्येक मस्जिद के लिए चार दिवारी की सुविधा के साथ नमाज पढ़ने के लिए सफें प्रदान की गई है। प्रत्येक महिलाओं तक ग्रहणी सुविधा पहुंचाई गई है। सुक्खू सरकार ने सभी योजनाओं पर कैंची चलाई है।15 महीने के कार्यकाल में प्रत्येक वर्ग बेहाल हुआ है। इतिहास में पहली बार हुआ है कि मुख्यमंत्री के गृह जिला से तीन विधायकों के साथ छह विधायक उन्हें छोड़कर भाजपा में चले गए। तीन आजाद विधायकों ने भी सरकार से किनारा कर भाजपा में शामिल हो गए हैं।  उन्होंने कहा कि बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में सरकार पुलों का निर्माण तक नहीं करवा पाई।

जिसके चलते कई सड़कें आज भी बंद पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि देश के विकास में मोदी का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना  देश हित में होगा। मंडी सहित प्रदेश की चारों लोक सभा सीटें भाजपा भारी बहुमत के साथ जीतेंगी। चुनावों के बाद प्रदेश की जनता को प्रदेश में जय राम नेतृत्व और  केंद्र में मोदी के नेतृत्व में दो सरकारें मिलने वाली हैं जो लोगों के विकास को आगे बड़ाएगी। कमांद के पूर्व प्रधान मोहम्मद अली उनके साथ थे।

Scroll to Top