भूकम्प जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी एवं समन्वित बनाने के उद्देश्य से 15 जून, 2026 को करसोग में मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) करसोग गौरव महाजन की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भूकम्प सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपनाई जाने वाली राहत एवं बचाव प्रक्रियाओं तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। एसडीएम ने बताया कि मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन राजकीय महाविद्यालय करसोग परिसर में किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों, आपदा प्रबंधन से जुड़े दलों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।
उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, घायलों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा राहत शिविरों के संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का अभ्यास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रभावित लोगों के ठहरने, भोजन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभागों के मध्य समन्वय की भी समीक्षा की गई।
एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को कम करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.