बिलासपुर में बच्चों की विद्यालयी तैयारी को मजबूत बनाने के लिए चलेगा ‘समर मेला अभियान-2026: कमाल की तैयारी’

जिला बिलासपुर में 11 से 25 जून तक चयनित 184 आंगनवाड़ी केंद्रों में होंगे समर मेले

बिलासपुर, 10 जून: महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेश भर में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की विद्यालयी तैयारी को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से समर मेला अभियान-2026 कमाल की तैयारी का आयोजन किया जा रहा है। जिला बिलासपुर में यह अभियान चयनित 184 आंगनबाड़ी केंद्रों में 11 से 25 जून तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें बच्चों, माताओं, अभिभावकों तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस बारे जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी नरिंदर कुमार ने बताया कि समर मेला अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों में प्रारंभिक भाषा, गणित, संज्ञानात्मक, शारीरिक तथा सामाजिक-भावनात्मक विकास को बढावा देना है। इसके साथ ही माताओं और अभिभावकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा (ईसीई) के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बच्चों की स्कूल रेडीनेस को बेहतर बनाने तथा घर-आधारित गतिविधियों के जरिए सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करने पर विशेष बल दिया जाएगा। समर मेला समुदाय आधारित आयोजन होंगे, जिनमें बच्चों के लिए गतिविधि-आधारित शिक्षण स्टॉल स्थापित किए जाएंगे।

नरिंदर कुमार ने बताया कि जिला बिलासपुर में 11 से 25 जून तक प्रथम चरण के समर मेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत 26 जून से 31 जुलाई तक घर-आधारित गतिविधियां तथा अभिभावक जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। वहीं 1 अगस्त से 15 अगस्त तक दूसरे चरण के समर मेलों का आयोजन होगा।

उन्होंने बताया कि जिला के चयनित 184 आंगनबाड़ी केंद्रों में अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी विद्यालयी तैयारी को भी मजबूती मिलेगी।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading