समारोह के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
बिलासपुर 10 जून: उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि आगामी 15 जून को नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी जिला स्तरीय शपथ समारोह में नव निर्वाचित प्रधानों और उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। उपायुक्त आज बचत भवन में समारोह के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 15 जून को प्रातः 11 बजे बिलासपुर स्थित भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के सभागार में आयोजित हो रहे शपथ समारोह में जिला बिलासपुर के सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। उन्होंने आयोजन स्थल पर बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने समारोह के सफल आयोजन को लेकर विभागीय अधिकारियों से निर्धारित जिम्मेदारियों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिये।
उपायुक्त ने शपथ समारोह में शामिल होने के लिए सभी नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को संबंधित खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से समयबद्ध सूचना उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिये ताकि समारोह को निर्धारित समयानुसार सम्पन्न किया जा सके।
उन्होंने पुलिस विभाग को भी समारोह के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, सहायक आयुक्त राज कुमार, पुलिस उप अधीक्षक मदन धीमान, जिला विकास अधिकारी यशपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.