जनगणना-2027 के दृष्टिगत करसोग में द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

करसोग, 10 जून

जनगणना-2027 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के दृष्टिगत आज तहसीलदार करसोग पृथी चंद की अध्यक्षता में एसडीएम सभागार व खंड विकास अधिकारी कार्यालय करसोग में जनगणना कार्य से संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए दूसरे चरण के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 10 जून से 12 जून तक चलने वाले दूसरे चरण के जनगणना संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 66 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने भाग लिया।

इस अवसर पर तहसीलदार ने कहा कि जनगणना ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी व कर्मचारी टीम वर्क की भावना से काम करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कर्मचारी जनगणना से संबंधित कार्य को निष्पक्षता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ संपन्न करना सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सांख्यिकी अन्वेषक आकाश सहरावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मचारीयों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत में होने वाली 16वीं जनगणना-2027 से संबंधित संपूर्ण कार्य को ऑनलाइन माध्यम से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हाउस लिस्टिंग का कार्य 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारी एवं कर्मचारी हाउस लिस्टिंग का कार्य शुरू करने से पहले संबंधित क्षेत्र का नजरी नक्शा बनाकर हाउस लिस्टिंग का कार्य शुरू करें। उन्होंने कहा कि मकान सूचीकरण और आवास जनगणना से संबंधित निर्देश पुस्तिका को ध्यान से पढ़ें और उसमें दिए गए दिशा निर्देशों के अनुरूप जनगणना के कार्य को करना सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से आग्रह किया कि वे भारत की जनगणना- 2027 की अधिकारिक वेबसाईट पर जाकर अपने सेल्फ एन्यूमरेशन के कार्य को आवश्य पूर्ण कर लें।

मास्टर ट्रेनर योगराज और तेजेंद्र शर्मा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना-2027 की प्रक्रिया, एचएलओ मोबाइल ऐप, आंकड़ों के संग्रहण, सत्यापन तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की। मास्टर ट्रेनर द्वारा जनगणना से संबंधित दिशा-निर्देशों, प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी किया गया।

गौरतलब है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाना है। इसके अंतर्गत ही मतगणना ड्यूटी में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर सहायक कार्यालय कानूनगो एवं चार्ज क्लर्क शिल्पा ठाकुर सहित जनगणना कार्य से संबंधित विभागीय अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading