जनगणना के कार्य से प्रभावित न हांे कार्यालयों एवं संस्थानों के रूटीन कार्य

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों से की अपील

हमीरपुर 10 जून। उपायुक्त एवं जिला हमीरपुर की प्रधान जनगणना अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने जनगणना-2027 के कार्य के लिए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के रूप में तैनात किए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे जनगणना से संबंधित फील्ड के कार्यों को छुट्टी के दिन या ऑफिस के टाइम से पहले या इसके बाद करने का प्रयास करें, ताकि कार्यालयों एवं संस्थानों के रूटीन के कार्य प्रभावित न हो सकें।

उपायुक्त ने इस संबंध में जिला के सभी उपमंडलों के एसडीएम, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, शहरी निकायों के अधिकारियों और स्कूल शिक्षा उपनिदेशक को निर्देश देते हुए कहा कि दुर्गम क्षेत्रों एवं विपरीत परिस्थितियों में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को कार्यालय समय के दौरान भी फील्ड में जाने के लिए विशेष रूप से अनुमति दी जा सकती है, लेकिन ऐसे मामलों में दैनिक प्रगति की सीएमएमएस पोर्टल पर निगरानी होनी चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि जनगणना-2027 का कार्य अपने आप में एक बहुत ही महत्वपूर्ण एक्सरसाइज है और इस कार्य के लिए नियुक्त किए गए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। इसलिए, सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्धारित अवधि के भीतर पूरा करें और फील्ड के कार्यों के लिए इस तरह की व्यवस्था बनाएं कि अपने कार्यालय एवं संस्थान के रूटीन के कार्य भी प्रभावित न हों।

उपायुक्त ने बताया कि जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाना है। पहले चरण में इस वर्ष 16 जून से 15 जुलाई तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण एवं मकान गणना करेंगे। इसके बाद अगले वर्ष वास्तविक जनगणना की जाएगी। इस कार्य में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण पर भी पाबंदी रहेगी।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading