पोर्टल पर डाटा स्वयं भरेंगे तो मकानों की गणना में होगी आसानी

हमीरपुर में भी प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए आयोजित की गई कार्यशाला

हमीरपुर 05 जून। जनगणना-2027 के पहले चरण में 16 जून से 15 जुलाई तक होने वाली मकानों के सूचीकरण एवं मकान गणना की प्रक्रिया हेतु नियुक्त किए जा रहे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षित करने के लिए यहां पुराने गर्ल्स स्कूल के परिसर में एक कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को संबोधित करते हुए जिला राजस्व अधिकारी नरेश कुमार पटियाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के लिए जनगणना एक बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य होता है। जनगणना के दौरान प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही सरकारी योजनाएं तैयार की जाती हैं।

उन्होंने कहा कि सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर फील्ड में जाकर सही डाटा एकत्रित करें और इसकी तुरंत ऑनलाइन अपलोडिंग सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है और इसमें लोगों को कंप्यूटर-लैपटॉप या मोबाइल से ऑनलाइन स्वयं की जानकारी अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है। इसके लिए स्वगणना पोर्टल एसई.सेन्सस.जीओवी.इन se.census.gov.in को पहली जून से 15 जून तक खोला गया है। सभी परिवारों के मुखिया या अन्य लोग 15 जून तक अपने मकानों एवं भवनों से संबंधित जानकारी स्वयं इस पोर्टल पर भर सकते हैं। इसकी प्रक्रिया बहुत ही आसान है और इसे कुछ मिनटों में ही पूरा किया जा सकता है। इसके पूरा होते ही संबंधित व्यक्ति की एक आईडी जनरेट होगी। 16 जून से 15 जुलाई के बीच जब प्रगणक मकानों के सूचीकरण के लिए आएंगे तो उन्हें यह आईडी दिखाकर मकान की गणना की प्रक्रिया को तुरंत पूर्ण करवाया जा सकता है।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading