प्रथम चरण में जिला की 62 ग्राम पंचायतों में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ मतदान
बिलासपुर, 26 मई: जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के प्रथम चरण में आज 62 ग्राम पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। मतदान प्रक्रिया के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने श्री नैना देवी जी विकास खंड की ग्राम पंचायत टाली जगात खाना, सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत बामटा तथा घुमारवीं विकास खंड की ग्राम पंचायत पट्टा तथा सेऊ के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधा, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित प्रबंधों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुचारू ढंग से संपन्न करवाना सुनिश्चित किया जाए ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उपायुक्त ने घुमारवीं विकास खंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत पट्टा तथा सेऊ में स्थापित पिंक मतदान केंद्रों का भी दौरा किया। इन मतदान केंद्रों का संपूर्ण संचालन महिला कर्मियों द्वारा किया गया। यहां पर मतदाताओं को बैठने के लिए बेहतर प्रबंध, पेयजल आपूर्ति, शौचालय के साथ-साथ छोटे बच्चों के लिए खेलने की व्यवस्था भी की गई थी। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के माध्यम से हेल्थ चेकअप के लिए महिला स्वास्थ्य कर्मियों को भी तैनात किया गया था। मतदाताओं के लिए यहां पर सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किये गए थे। पिंक मतदान केंद्रों में मतदाताओं विशेषकर युवाओं ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लिया।
उन्होंने मतदान प्रक्रिया में भाग लेने वाले मतदाताओं, चुनाव कर्मियों एवं सुरक्षा बलों की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी चरणों 28 और 30 मई को भी बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं को प्रशासन की ओर से सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं को लोकतान्त्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा वरिष्ठ नागरिकों के योगदान का सम्मान करना रहा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, बीडीओ घुमारवीं अभिषेक शर्मा, सीडीपीओ घुमारवीं रंजना शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.