सुंदरनगर। बालिका देखभाल संस्थान सुंदरनगर में बाल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर पूनम चौहान ने की।
इस अवसर पर पूनम चौहान ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में बाल दिवस मनाया जाता है। पंडित नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था और बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे।
उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और बच्चों का विकास ही देश का विकास है। बाल दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शिक्षा, अधिकारों और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, प्यार, सम्मान और सही मार्गदर्शन मिलना चाहिए। बच्चों को प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा के महत्व को समझने तथा जीवन में अच्छे लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
बालिका देखभाल संस्थान में बाल दिवस पर बच्चों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम


Leave a Reply