*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां*
देहरा , 13 अप्रैल
राज्य स्तरीय कालेश्वर बैसाखी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या का आयोजन कालेश्वर महादेव मंदिर परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय रत्न ने इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करके किया।इस मौके पर कांग्रेस नेता व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव सुरेंद्र सिंह मनकोटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान न्यास के संयुक्त आयुक्त व मेला अधिकारी एवं एसडीएम कुलवंत सिंह पोटन ने विधायक को शॉल-टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए संजय रत्न ने कहा कि मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि कालेश्वर बैसाखी मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की कला और संस्कृति को भी संजोए हुए है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से क्षेत्र के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण हिमाचली और हिंदी गीतों का संगम रहा। कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज़ और प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्टार कलाकार तन्मय चतुर्वेदी ( सारे गामा फेम) ने लोकप्रिय गीतों से युवाओं में जोश भर दिया, वहीं धीरज शर्मा और मोहित गर्ग ने पारंपरिक पहाड़ी लोक गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी। इसके साथ ही रोहित वोहरा ने हिंदी व पंजाबी गीतों का तड़का लगाकर संध्या को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.