बैसाखी संग लोक रंग : राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026

तीसरी सांस्कृतिक संध्या में उमड़ा जनसैलाब, सुरों और रंगों से सराबोर हुआ हरोली

महाधिवक्ता अनूप रत्न रहे मुख्य अतिथि

ऊना, 13 अप्रैल. बैसाखी की उल्लासमयी छटा और लोक संस्कृति की जीवंत धड़कनों के बीच राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या जनउत्सव में तब्दील हो गई। सांस्कृतिक संध्या में उमड़े जनसैलाब ने पूरे आयोजन को जीवंतता और उत्साह से भर दिया।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के महाधिवक्ता अनूप रत्न मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती नीलम रत्न भी इस मौके पर साथ रहीं। उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि अनूप रत्न ने हरोली उत्सव की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन अब केवल हरोली तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे हिमाचल का उत्सव बन चुका है। उन्होंने कहा कि दिनभर की मेहनत के बाद जब किसान और आमजन इस तरह के आयोजनों में शामिल होते हैं, तो यह उनके लिए सुकून और आनंद का अवसर बनता है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की विकासपरक सोच की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है, जो अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक है।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली उत्सव जनभावनाओं और जनसहभागिता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष उमड़ता जनसैलाब इस आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता और लोगों के गहरे जुड़ाव को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ जन मनोरंजन और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजना भी उतना ही आवश्यक है, और यही इस उत्सव का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव आने वाले वर्षों में भी इसी उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित होता रहेगा।

मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम विशाल शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

सांस्कृतिक संध्या में सुरों का ऐसा जादू बिखरा कि पूरा हरोली देर रात तक झूमता रहा। हिमाचली स्टार गायक कुलदीप शर्मा और अनुज शर्मा के साथ पंजाबी स्टार गायक शिवजोत की प्रस्तुतियों ने माहौल को ऊर्जामय बना दिया। पारंपरिक और आधुनिक संगीत के संगम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और उत्सव स्थल तालियों व उत्साह से गूंजता रहा।

बता दें, 14 अप्रैल को उत्सव के समापन समारोह में पूर्व सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल मुख्य अतिथि होंगी। अंतिम सांस्कृतिक संध्या मध्यरात्रि 12 बजे तक होगी। इसमें पंजाबी स्टार एमी विर्क और गुरलेज़ अख़्तर अपने सुरों का जादू बिखेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव रणजीत राणा, कांग्रेस नेता अशोक ठाकुर, विनोद बिट्टू, सतीश बिट्टू, विरेन्द्र मनकोटिया, उपायुक्त जतिन लाल, डीएसपी मोहन रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading