सरकाघाट – युवती की हुई पहचान, हिरासत में एक आरोपी, कॉलेज जाते समय की गई थी हत्या

सरकाघाट।मंडी

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में अहम अपडेट सामने आया है। मृतक युवती की पहचान 19 वर्षीय शिया गुलेरिया, पुत्री जोगिंदर कुमार उर्फ अनु, निवासी गांव नैण, डाकघर गोपालपुर, तहसील सरकाघाट के रूप में हुई है। वहीं, घटना के बाद सक्रिय हुए ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक के कब्जे से एक दराट (तेजधार हथियार) भी बरामद किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे शिया गुलेरिया रोज की तरह अपने घर से डिग्री कॉलेज सरकाघाट के लिए निकली थी। वह अकेले ही पैदल गोपालपुर बस स्टॉप की ओर जा रही थी, जहां से उसे कॉलेज के लिए बस पकड़नी थी। उसकी एक सहेली भी बस स्टॉप पर उसका इंतजार कर रही थी।

बताया जा रहा है कि घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने, जिसने हुड पहनकर अपना चेहरा ढक रखा था, अचानक युवती पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और घातक था कि युवती को बचाव का कोई मौका नहीं मिला और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि आसपास के लोगों ने जब युवती को खून से लथपथ हालत में देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।

इधर, जैसे ही हत्या की खबर पूरे क्षेत्र में फैली, आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई और लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। ग्रामीण सतर्क हो गए और शक के आधार पर एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक सनकी प्रवृत्ति का है, हालांकि पुलिस इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि करने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि सबूत जुटाए जा सकें। शुरुआती जांच में यह भी देखा जा रहा है कि वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश, एकतरफा प्रेम प्रसंग या अन्य कोई कारण तो नहीं है।

इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading