News Update

विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें अधिकारी : मलेंद्र राजन

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 September 21, 2026 👁 3 weeks पहले

इंदौरा, 20 सितंबर: उपमंडल स्तरीय योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा समिति की बैठक 21 सितंबर को प्रातः 11 बजे राजकीय डिग्री कॉलेज इंदौरा के सम्मेलन कक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन करेंगे।

बैठक में उपमंडल स्तर पर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ 20-सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। विभागवार योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों तथा उनके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की भी समीक्षा की जाएगी।

विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा का उद्देश्य केवल आंकड़ों की समीक्षा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सरकार की योजनाओं और विकास परियोजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे में प्रत्येक विभाग की जिम्मेदारी है कि वह अपने विभाग से संबंधित योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करे तथा जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करे।

मलेंद्र राजन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बैठक में अपने-अपने विभागों से संबंधित विकास कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट, कार्यसूची के बिंदुओं तथा की गई कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) के साथ उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में यदि किसी स्तर पर कोई समस्या या अड़चन सामने आ रही है तो उसे बैठक में रखा जाए, ताकि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उसका समाधान किया जा सके।

उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सिंचाई, बिजली तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं तथा समिति के सदस्यों को बैठक में आने का आग्रह किया गया है।

अपनी टिप्पणी दें