वर्किंग वूमेन हॉस्टल और गर्ल्स हॉस्टल से होगा नगरोटा की महिलाओं का जीवन सुदृढ : बाली
नागरोटा, 20 सितंबर:
नागरोटा विधानसभा क्षेत्र की महिला शक्ति और बेटियों के जीवन को सरल एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से राजियाणा में वर्किंग वूमेन हॉस्टल तथा डिग्री कॉलेज नागरोटा में गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण करवाया जा रहा है। इन दोनों सुविधाओं को जल्द ही महिलाओं और बेटियों को समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे नागरोटा की महिलाओं एवं बेटियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। यह उद्गार विधायक नगरोटा एवं पर्यटन निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने रौंखर पंचायत में आयोजित ‘ आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान कहे। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान आर.एस. बाली ने स्थानीय लोगों की समस्याएं घर-द्वार पर सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत में करवाए गए विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा भी लोगों के समक्ष रखा।
विकास खंड के माध्यम से पंचायत में विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 164 विकास कार्यों पर लगभग 1 करोड़ 43 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
आर.एस बाली ने बताया कि सुख-सम्मान निधि के तहत पंचायत में पात्र लाभार्थियों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
विद्युत विभाग द्वारा पंचायत में बिजली व्यवस्था की दुरुस्ती एवं सुधार कार्यों पर 2.50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं आपदा प्रभावित लोगों को 4.50 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है। जल शक्ति विभाग द्वारा पंचायत में लगभग 36 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के तहत पंचायत के 25 लाभार्थियों को 5.70 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
आर.एस. बाली ने कहा कि नागरोटा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और पंचायत का समान एवं समग्र विकास करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार पर करने के साथ-साथ विकास कार्यों को भी गति दी जा रही है। उन्होंने स्थानीय पंचायत की मांग को पूरा करते हुए ग्राउंड निर्माण के लिए 11 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने ग्राउंड में वालीबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन, कबड्डी के साथ-साथ बुजुर्गों के व्यायाम के लिए ओपन एअर जिम और स्टेज बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्थानीय ग्रामीणों की मांग नाले के ऊपर पैदल चलने हेतु पुलीया बनाने के संबंध में निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित, वरिष्ठ महासचिव जिला कांगड़ा प्रताप रियाड, अध्यक्ष नगर परिषद राहुल धीमान, स्थानीय प्रधान सुधीर काहलो, सुमित्र मसंद, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
